207 लोगों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश

काईस (कुल्लू)। हाईकोर्ट के निर्देश पर दस बीघा से अधिक वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर कानून का शिकंजा कस गया है। जिला भर में पुलिस महकमे ने पहले ही 1005 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रखी है। पुलिस ने इनमें से 207 के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर दिए हैं। इस आधार पर अब आगे की न्यायिक प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
वन भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर वन और पुलिस महकमे की संयुक्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस कार्रवाई में कई बीघा भूमि पर सेब के पेड़ भी उखाडे़ जा चुके हैं। जिला में अवैध तरीके से वन भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ 1005 मामले दर्ज किए गए हैं। इस पर कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर पुलिस ने 207 मामलों में चालान कोर्ट में पेश कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

अन्य के चालान भी जल्द : एसपी
एसपी कुल्लू अशोक कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 709 केसों में निशानदेही हो गई है। 291 मामलों में निशानदेही अभी बाकी है। इसकी प्रक्रिया जारी है। इन केसों के भी जल्द चालान कोर्ट में पेश किए जाएंगे।

Related posts