सोना ठगकर भाग रहे दो शातिर दबोचे

भोटा(हमीरपुर)। यहां के भोटा कस्बे में दो प्रवासी युवकों को आभूषणों की धुलाई के बहाने सोना चोरी करते रंगे हाथों धरा गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रह्मी देवी पत्नी स्व. सीता राम निवासी भोटा घर पर अकेली थी। इस दौरान दो प्रवासी युवक उसके घर पहुंचे।
युवकों ने बताया कि वह सोने के आभूषणों की सफाई कर उन्हें चमकाते हैं। इस दौरान महिला ने सोने की चेन धोने के लिए युवकों को दी। दोनों ने चालाकी से चेन से सोना उतार लिया। 39 ग्राम की चेन मात्र 17 ग्राम की रह गई। इसके बाद दोनों युवकों ने चैन को डिब्बी में बंद कर दिया और महिला को थमा दिया। महिला को तीन धंटे बाद डिब्बी खोलने के कहा। इसके बाद दोनों वहां से निकल लिए। इसके बाद महिला की बहु घर पहुंची तो वृद्धा ने सारी बात बताई। जैसे ही डिब्बी खोली तो सोने की चेन का वजन कम लग रहा था। इसकी शिकायत उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने दोनों प्रवासी को दबोच लिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक जेआर चौहान का कहना है कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts