सूरज ताल में तैयार होगी शाकाहारी मछलियां

केलांग। लाहौल घाटी के नदी नालों में अब एक नई प्रजाति की मछली तैयार की जाएगी। फिशरीज डिपार्टमेंट ने जिले के सिस्सू समेत तेरह हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित सूरज और दीपक ताल में इस प्रजाति की मछलियों के बीज डाले हैं। लिहाजा विभाग ने इन झीलों पर आखेट के लिए तीन सालों तक प्रतिबंध भी लगा दिया है। फिशरीज डिपार्टमेंट का कार्यभार देख रहे डीएफओ लाहौल हीरा लाल राणा ने बताया कि वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और स्थानीय विधायक रवि ठाकुर के निर्देश पर अमल करते हुए विभाग ने सिस्सू झील में इस प्रजाति के 8000 बीज डाले हैं। दीपक और सूरज ताल में 1-1 हजार बीज डाले हैं।
उन्होंने बताया कि यह मछली अन्य मछलियों के विपरीत शाकाहारी हैं। हालांकि विभाग ने प्रारंभिक चरण के तहत मछलियों के बीज को ट्रायल के तौर पर डाला है। उम्मीद की जा रही है कि घाटी की आबोहवा के तहत इन मछलियों का यहां पनपना तय है। राणा ने बताया कि आने वाले दिनों में स्थानीय लोगों को भी मछली उत्पादन के क्षेत्र में प्रोत्साहित किया जाएगा।
वन विभाग सिस्सू बीट के प्रभारी वन रक्षक अमीर ठाकुर ने बताया कि मछलियों के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। कुल्लू के पतलीकूहल स्थित ट्राउट फिश फार्म के प्रभारी के दिशानिर्देश पर लाहौल की झीलों में इस प्रजाति की मछलियों के बीज पहली बार डाले हैं।

गोवा में भर्ती रैली चार अक्तूबर को
कुल्लू। गोवा स्थित सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर में चार अक्तूबर को यूनिट हेडक्वाटर्स कोटा के तहत भर्ती रैली चार अक्तूबर को होगी। इसमें राज्य और ट्रेड वाइज पदों की संख्या तथा सूची भर्ती निदेशालय द्वारा जारी की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय मंडी के प्रशासनिक अधिकारी मेजर सुधीर ने बताया कि राज्य आधार पर पदों की संख्या की जानकारी सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर के टेलीफोन नंबर 0832-2226246,47,48 तथा 49 पर हासिल की जा सकती है।

Related posts