बंजार अंडर-19 खेल स्पर्धा का आगाज

बंजार (कुल्लू)। छात्रों की जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बंजार में आरंभ हो गई। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कुल्लू जिले के पांच ब्लॉकों के करीब 338 छात्र भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, योग और अन्य स्पर्धाएं भी करवाई जा रही हैं। बंजार के विधायक कर्ण सिंह ने इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को प्रोत्साहन देने को कृतसंकल्प है। इस वित्तीय वर्ष में खेलों पर करीब चौबीस करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे खेल को खेल भावना से खेलें और किसी महान खिलाड़ी को अपना आदर्श मानकर अपने-अपने खेल में आगे बढ़ें। इस अवसर पर कर्ण सिंह ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से ग्यारह हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। इस बेला पर एसडीएम वीरेंद्र शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष प्रभा पालसरा, बीडीसी उपाध्यक्ष गोविंद ठाकुर, राज्य महिला कल्याण बोर्ड की सदस्य शारदा कटोच, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts