
कुल्लू। ग्रामीण विकास विभाग की प्रधान सचिव उपमा चौधरी ने कहा है कि महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा का दूसरे विभागों की योजनाओं के साथ समायोजन कर कई विकास कार्यों को अंजाम दिया जा सकता है। बुधवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सम्मेलन कक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपमा चौधरी ने यह निर्देश दिए। कुल्लू जिले में मनरेगा, निर्मल भारत अभियान, जलागम विकास, इंदिरा आवास, राजीव गांधी आवास योजना और अन्य योजनाओं के कार्यान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रधान सचिव ने बताया कि मनरेगा से संबंधित शंकाओं को दूर करने के लिए शीघ्र ही राज्य स्तर पर कार्यशाला होगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कुल्लू जिले में इस वित्तीय वर्ष में करीब 13.80 करोड़ रुपये की लागत से 1883 कार्य पूरे करवाए जा चुके हैं। जिले में कुल 88,981 जॉब कार्ड धारकों में से 70 हजार से अधिक के बैंक खाते खुल चुके हैं। चौधरी ने कहा कि जिले में नए सर्वे के अनुसार कुल 90689 परिवारों में से 17334 परिवारों के अपने शौचालय नहीं हैं। इन परिवारों को निर्मल भारत अभियान या मनरेगा के तहत शौचालय बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इंदिरा आवास और राजीव आवास योजना के तहत जिले में इस वित्तीय वर्ष में कुल 539 मकान बनाए जाएंगे। प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकास कार्य पूर्ण होते ही इनका डाटा तुरंत आनलाइन करते रहेंगे। बैठक के दौरान डीसी राकेश कंवर और डीआरडीए के परियोजना अधिकारी डा. संजीव धीमान ने विभिन्न योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। प्रधान सचिव ने इन सभी दिक्कतों के समाधान का आश्वासन भी दिया। बैठक में एडीएम विनय सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश शर्मा, जिला के सभी बीडीओ और डीआरडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
