समताणा में उप प्रधान पद पर कृष्ण का कब्जा

हमीरपुर/बिझड़ी। जिला हमीरपुर में पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों को भरने के लिए चुनाव प्रक्रिया रविवार को पूरी हो गई। रविवार सुबह रिक्त पदों के लिए मतदान करवाया तथा शाम के समय मतगणना का कार्य पूरा हुआ। वार्ड सदस्य पदों के परिणाम छह बजे से पहले घोषित हो चुके थे। समताना पंचायत में उप प्रधान के पद का परिणाम सात बजे के करीब घोषित किया गया। जिला के विभिन्न विकास खंडों में पंचायत उप प्रधान के एक पद, वार्ड सदस्यों के सात पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया आयोजित की गई।
विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत समताणा में उप प्रधान पद पर कृष्ण चंद ने जीत हासिल की। ग्राम पंचायत दलचेहड़ा में वार्ड सदस्य के लिए हुए चुनाव में सोम दत्त ने भंडारी को 59 मतों के अंतर से शिकस्त दी। टिप्पर पंचायत में वार्ड सदस्य के पद के लिए मुकाबला रोचक रहा। इसमें रविंद्र कुमार ने जीत हासिल की। विकास खंड नादौन में फाहल पंचायत में पुष्पा देवी ने वार्ड सदस्य के पद पर जीत हासिल की। पट्टा पंचायत में जसवीर सिंह, महल पंचायत में मोहन लाल, डुग्घा पंचायत में प्रकाश चंद तथा कैहरवीं पंचायत में रमेश चंद ने वार्ड सदस्य के पद पर जीत हासिल की।
जिला पंचायत अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। चुनाव तथा मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

Related posts