आरोप सिद्ध करें राजनीति छोड़ दूंगा : अनुराग

टौणी देवी (हमीरपुर)। सांसद एवं भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि भूमि सौदे को लेकर दर्ज एफआईआर राजनीतिक द्वेष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस आरोपों को सिद्ध कर देती है तो राजनीति छोड़ने के लिए तैयार हूं। अनुराग रविवार को सुजानपुर मंडल भाजपा के टौणी देवी में आयोजित कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग में बोल रहे थे। अभ्यास वर्ग में मंडल भाजपा के पदाधिकारी, मोर्चों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि खेल संघों पर कब्जा करना कांग्रेस की मंशा रही है। पूर्व सरकार के समय भी खेल संघों पर कब्जा करने के लिए कानून लाए थे। अब फिर कानून बनाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह छठी बार मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान एक भी खेल मैदान नहीं बनवा पाए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की केंद्र, प्रदेश सरकार की कारगुजारियों, भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया। इस दौरान पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर आदि उपस्थित थे।

Related posts