शहर के आठ व्यापारियों को थमाए नोटिस

ऊना। स्थानीय बाजार में शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक संतोष कुमार व्यास की अगुवाई में विभागीय टीम ने छापामारी कर लगभग 14 व्यापारिक प्रतिष्ठानों की छानबीन की। इस दौरान टीम ने आठ व्यापारियों को विभागीय आदेशों की अनुपालना न करने के चलते नोटिस थमाए हैं। इसके अतिरिक्त टीम ने तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पॉलीथिन भी बरामद किया। पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले व्यापारियों को जुर्माना भी ठोका गया है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक संतोष कुमार व्यास ने स्पष्ट किया है कि सरकारी नियमों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक संतोष कुमार व्यास पर आधारित विभागीय टीम शहर के बाजार में छापामारी करने निकली। इसके चलते बाजार में हड़कंप मचा रहा। कुछेक व्यापारी तो प्रतिष्ठानों को ही बंद कर भाग निकले। टीम ने लगभग 14 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। रेट लिस्टें न लगाने वाले 8 कारोबारियों को नोटिस थमाए गए। इसके साथ ही जिन तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पॉलीथिन पकड़ा गया है, उनसे 2500 रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक संतोष कुमार व्यास ने स्पष्ट कहा कि हर दुकानदार को रेट लिस्ट लगानी अनिवार्य होगी। अन्यथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले कारोबारियों को भी कतई बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts