लोगों ने विकास पर लगाई है मुहर : सीएम

लठियाणी/बंगाणा (ऊना)। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि लोगों ने इस बार विकास के नाम पर वोट दिए हैं। राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर हिमाचल में एफडीआई को लागू नहीं होने देंगे। मिशन रिपीट कामयाब होकर रहेगा। मुख्यमंत्री ने बंगाणा में कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी ली। शनिवार को विश्राम गृह बंगाणा में विधायक वीरेंद्र कंवर के नेतृत्व में कुटलैहड़ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री नैनादेवी से वापस आते समय बंगाणा के विश्राम गृह में कुछ क्षणों के लिए रुके थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में 20 दिसंबर को जनता का जनादेश भाजपा के पक्ष में आएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की भाजपा सरकार ने कर्मठता और मेहनत के साथ सेवा की है। प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण आशा है कि भाजपा का मिशन रिपीट कामयाब होगा और हिमाचल को पुन: विकास में आगे बढ़ाने के कार्य को शुरू किया जाएगा। गुजरात में प्रचार के दौरान जनता का स्पष्ट मत देखने को मिला है कि जनता गुजरात में फिर नरेंद्र मोदी की सरकार को पूर्ण बहुमत से रिपीट करने जा रही है। कांग्रेस ने देश की जनता को महंगाई ही दी है। गैस सिलेंडरों की कमी से जनता को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एफडीआई पर भाजपा का स्टेंड साफ है और हिमाचल में भाजपा सरकार के आने पर एफडीआई को लागू नहीं किया जाएगा। धूमल ने कुटलैहड़ के कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया और चुनाव को लेकर विशेष चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी विरेंद्र कंवर भारी मतों से कुटलैहड़ विस से जीत दर्ज करेंगे। इस अवसर पर बीडीसी के उपाध्यक्ष देवेंद्र भुट्टो, व्यापार मंडल के प्रधान विजय शर्मा, केपी शर्मा, आरटीए मेंबर सुदर्शन शर्मा, कपार्ड बैंक के उपाध्यक्ष चरणजीत शर्मा, सुरजीत शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य अजय बबलू, रविंद्र सिंह बिंदू, सुरेंद्र हटली समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts