लाहौल-स्पीति में कांग्रेस ने तेज किया प्रचार

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लोकसभा चुनाव को लेकर लाहौल-स्पीति जिला कांग्रेसियों ने दिन-रात प्रचार अभियान छेड़ दिया है। पूर्व विधायक एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन रघुवीर सिंह के बाद विधायक रवि ठाकुर ने स्पीति में प्रचार अभियान को गति दे दी है। इससे पहले रवि ठाकुर ने लाहौल में प्रचार किया। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अनिल सहगल ने बताया कि इस बार फिर प्रतिभा सिंह को पिछले लोकसभा उपचुनाव की तरह जिले से भारी बढ़त दिलाने में कांग्रेस कार्यकर्ता कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणवीर सिंह की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व लोकसभा उपचुनाव में बहिष्कार कर चुके नालडा तथा जसरथ गांव में घर-घर जाकर मंडी संसदीय सीट के प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए वोट की अपील कर चुके हैं। सहगल ने बताया कि कमेटी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में उपाध्यक्ष प्रेम आनंद, पूर्व अध्यक्ष नोरबू बौद्ध, पंचायत प्रधान संघ अध्यक्ष वीर सिंह, पामा राम, उपप्रधान शेर चंद, जाहलमां जोन के अध्यक्ष जय सिंह और राम पाल ने जसरथ, हालिंग, फू ड़ा सहित कई गांवों का दौरा कर प्रतिभा सिंह के लिए वोट मांगे। पूर्व अध्यक्ष नोरबू बौद्ध ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले के साथ ही कुल्लू में रह रहे लाहौल स्पीति के मतदाताओं से पार्टी कार्यकर्ता चुनाव समिति प्रभारियों के साथ प्रचार में डटे हैं।

Related posts