लाहौल घाटी के लिए हेलीकाप्टर की मांग

केलांग। ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा बंद जाने से जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी का सड़क संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। यातायात सुविधा ठप हो जाने के बाद अब हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। लाहौल पंचायत प्रधान संघ ने राज्य सरकार और विधायक एवं उपाध्यक्ष नेशनल एसटी कमीशन रवि ठाकुर को दूरभाष और ज्ञापन भेजकर लाहौल स्पीति के लिए हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने की मांग की है। प्रधान संघ के अध्यक्ष वीर सिंह ने कहा कि शनिवार रात को हुई बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्र्रा बंद हो गया है। लिहाजा, सड़क बंद हो जाने से अब लोगों की आस हेलीकाप्टर उड़ानों पर आ टिकी है। बताया कि उन्होंने घाटी के लिए तत्काल हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने के लिए राज्य सरकार के साथ ही रवि ठाकुर से भी गुजारिश की है। बर्फबारी के बाद घाटी में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि घाटी के तमाम हैलीपेडों पर यात्रियों की तादाद को देखते हुए बिना भेदभाव के उड़ानों की व्यवस्था की जाए।

Related posts