
नंगल (रूपनगर)। ऊना से लापता युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। नंगल बस स्टैंड के नजदीक हाइडल कैनाल चैनल नहर के निकट कुछ दिन पहले लावारिस कार मिली थी। इसमें से सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया था। लेकिन ऊना के युवक का कु छ पता न चल पाने के बाद आज तक पुलिस हवा में ही तीर चला रही है।
करीब दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद नंगल से लापता हुए ऊना के पुलवाला बाजार निवासी 21 वर्षीय रमन कुमार का अभी तक सुराग नहीं लगा है। इससे अभिभावक भी चिंतित हैं। माना जा रहा था कि युवक ने तनाव में आकर कहीं नहर में छलांग तो नहीं लगा दी। लेकिन अगर ऐसा होता तो सप्ताह भर के भीतर युवक का शव गंगूवाल पावर हाउस से बरामद कर लिया जाता। लेकिन इस मामले में दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद ऐसा न हो पाना पुलिस की जांच की दिशा को भी मोड़ रहा है। हालांकि उक्त मामला सुसाइड नोट से लेनदेन का माना जा रहा था। इससे यह भी पता चल रहा है कि युवक का ऊना बाजार के किसी व्यक्ति से लेनदेन काम मामला चल रहा था। इसके अलावा एक और खास बात जो देखने में मिली, वह यह कि नहर किनारे कुछ लोगों द्वारा कार खड़ी किए जाने के दौरान यह भी देखा गया कि कार में से कुछ युवक निकलकर चंडीगढ़ मुख्य मार्ग की तरफ पैदल गए। अगर ऐसा है तो भी जांच के कई और पहलू आने वाले दिनों में सामने आ सकते हैं। सदर थाना ऊना के एसएचओ केएल बैरी ने कहा इस मामले को लेकर ऊना पुलिस नंगल पुलिस के लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि अभी तक युवक के संदर्भ में कोई सूचना नहीं आई है। युवक का मोबाइल फोन भी अभी तक स्विच ऑफ है।
