
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में जाड़े का पहला हिमपात हुआ। रविवार दोपहर तक मनाली में करीब बारह इंच ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। बर्फ की सफेद चादर से चमकी मनाली नगरी के व्यवसायियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। खास कर मंदी की मार झेल रहे मनाली के पर्यटन कारोबार के लिए सुखद संकेत है। ऐसे में मनाली में क्रिसमस और नए साल का जश्न दोगुणा हो गया है। रविवार सुबह पूरी मनाली बर्फ की चादर से लिपटी होने से यहां आए सैलानी भी हैरान रह गए और बर्फ देखकर खुशी से झूम उठे। मनाली नगरी में करीब बारह इंच बर्फ पड़ने की सूचना मिलते ही क्रिसमस और नव वर्ष के जश्न को लेकर देशभर से एडवांस बुकिंग ने भी जोर पकड़ लिया है। उधर, मनाली के होटलियरों और एचपीटीडीसी की ओर से क्रिसमस और नववर्ष को लेकर सैलानियों के मनोरंजन को रखे गए कार्यक्रमों को लेकर उत्साह बढ़ गया है। इस अवसर पर क्रिसमस और न्यू ईयर क्वीन को भी चुना जाएगा। हनीमून मनाने मनाली आए कपल सतीश और विजेता ने बताया कि उन्होंने मनाली की सुंदरता के बारे में सुना था। दोनों ने शादी के बाद मनाली में हनीमून मनाने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन मनाली में उन्हें बर्फ के दीदार होंगे, ऐसा उन्होंने सपने भी नहीं सोचा था। ब्रिटिश से क्रिसमस ईव और नववर्ष मनाने के लिए आए सैलानी कपल डेविड कुक और लतीना ने बताया कि वे मनाली घूमने आए हैं। उन्हें व्हाइट क्रिसमस मनाने की चाह थी, लेकिन ऐन मौके पर भगवान ने उनकी प्रार्थना को सुन कर मुराद पूरी कर दी। मनाली होटलियर एसोसिएशन प्रधान अनूप राम ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस और नववर्ष के लिए होटलों की बुकिंग चल रही है, लेकिन बर्फबारी के कारण अचानक एडवांस बुकिंग में बढ़ोतरी हुई है। पर्यटन निगम क्लब हाउस के मैनेजर नानक ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पर्यटन विकास निगम की ओर से खास तैयारियां की गई हैं।
