ऊना। रिवाल्वर की नोक पर दो बदमाश एक व्यक्ति की बाइक ले उड़े। ओल्ड होशियारपुर रोड पर वारदात हुई। बाइक उड़ाने के बाद इन्होंने पंडोगा बैरियर तोड़ दिया। इसी दौरान एक बदमाश को पुलिस ने काबू कर लिया। ये बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया था। पुलिस ने वनखंडी के पास इसे दबोचा। दूसरा बदमाश फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरोली क्षेत्र का व्यक्ति रात करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर घर की तरफ जा रहा था। ओल्ड होशियारपुर रोड पर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने व्यक्ति का पीछा शुरू कर दिया। सुनसान जगह देखकर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उक्त व्यक्ति की कनपटी पर रिवाल्वर तान दिया और बाइक से नीचे उतार दिया। इससे पहले व्यक्ति कुछ समझ पाता, पीछे बैठे बदमाश ने बाइक छीनी और वहां से फरार हो गया। उसका साथ भी बाइक पर उसके साथ भाग गया। इसी बीच पंडोगा के पास दोनों ने बैरियर तोड़ डाला। बाइक अनियंत्रित होने पर बदमाश चुराई बाइक से नीचे उतरा और जंगल की तरफ भाग गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया और बदमाश का पीछा करने के लिए जंगल की तरफ टीम गई। वनखंडी के पास पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। इधर, वारदात के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर दी। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि दूसरे बदमाश को जल्द दबोचा जाएगा।
—
बाइकों की टक्कर में दो जख्मी
ऊना। अंब के अठवां रोड (आदर्शनगर) के पास दो बाइकों में टक्कर से दो व्यक्ति घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए ऊना अस्पताल भर्ती किया गया है। इनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों के सिर पर चोटें लगी हैं। अंब ट्रैफिक इंचार्ज अमरीश सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों ऊना अस्पताल में भर्ती हैं।