रायपुर स्कूल में शराबी ने मचाया हुड़दंग

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायपुर मैदान में वीरवार को एक शराबी ने जमकर हुड़दंग मचाया। स्कूल प्रशासन ने मामला गंभीर होते देख तुरंत बंगाणा पुलिस को फोन कर हुड़दंगी को उनके हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान स्कूल के शिक्षकों सहित सैकड़ों छात्र भी बुरी तरह सहम गए थे। वीरवार सुबह 10 बजे के करीब थाने में रायपुर स्कूल के प्रधानाचार्य ने फोन पर बताया कि एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर स्कूल परिसर के अंदर घुसकर गाली गलौज तथा हुड़दंग मचा रहा है। बंगाणा से तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हुड़दंग मचाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि स्कूल में शराब के नशे में धुत हुड़दंग मचाने वाले आरोपी के खिलाफ आइपीसी धारा 290 एवं 510 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि बाद में शराबी को अपनी गलती का एहसास होने तथा दोबारा कभी ऐसी गलती न करने की बात पर पुलिस ने उसे 3 हजार के मुचलके पर छोड़ दिया है। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा एवं माहौल को ठीक करने के लिए किसी भी तरह का गलत काम करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts