
ऊना। ईसपुर गांव के कई कस्बों में पिछले कई दिन से पेयजल संकट गहरा गया है। आलम यह है कि लोगों को सुबह उठते ही सबसे पहले घड़े, बाल्टियां उठाकर अन्य क्षेत्रों से पानी ढोना पड़ता है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल सप्लाई ठप होने से लोगों ने आईपीएच विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। लोगों का कहना है कि यदि विभाग ने ग्रामीणों की समस्या का जल्द हल न निकाला, तो आने वाले समय में उन्हें मजबूर होकर उपमंडल कार्यालय का घेराव करना पड़ेगा।
ईसपुर के झांगड, घाड़ा एवं ल्वाणा मुहल्ला सहित अन्य क्षेत्रों में पेयजल संकट से लोग जूझ रहे है। स्थानीय ग्रामीणों में सुदेश कुमारी, सुखबिंद्र, स्वरूप कुमार, शोकी, दर्शन सिंह, दीदार सिंह, लेखराज, चमन सिंह, जसवंत, मोहेंद्र, अरविंद कुमार, दीवान चंद, दीपो, शीला देवी, संतोष, रानो, मेहर सिंह, महेंद्र सिंह, शेर सिंह, ओंकार सिंह, स्वर्ण सिंह, पवन, सुरेंद्र पाल, सुखदेव सिंह, निरंजन सिंह, चन्नन सिंह, पवन कुमार, भूरा सिंह आदि ने बताया कि कई दिन से पानी न आने की वजह से जीना मुश्किल हो गया है। लोगों को दिनभर पानी के दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द से जल्द इस समस्या से निजात न मिली तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इस मामले को प्रशासन के समक्ष भी उठाया जाएगा। उधर, विभाग के कनिष्ठ अभियंता एसके आनंद का कहना है कि समस्या के बारे में उन्हें पता चल चुका है। विभाग इस समस्या को हल करने के लिए प्रयास कर रहा है और जल्द समस्या सुलझा ली जाएगी।
