
मैहतपुर (ऊना)। प्रदेश के हर रसोई घर तक ऊना का गैस सिलेंडर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए ऊना के रायपुर सहोड़ां में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन अपने बाटलिंग प्लांट में जल्द ही दूसरा क्रोजल स्थापित करने जा रही है। इससे स्थानीय प्लांट में एलपीजी में सिलेंडर री-फिल क्षमता बढ़ जाएगी। कंपनी का लक्ष्य प्रदेश को यहीं से गैस सप्लाई का है। वर्तमान में इस प्लांट में 10 हजार प्रतिदिन सिलेंडरों की री-फिलिंग हो रही है। सेकेंड क्रोजल स्थापित होने से एक ओर जहां हर रोज प्लांट में 18 हजार सिलेंडर भरे जा सकेंगे, वहीं कई अन्य लोगों को प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से रोजगार के भी द्वार खुलेंगे। कंपनी ने इस दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। जल्द ही स्थानीय प्लांट में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। वर्तमान में गैस प्लांट में कार्यरत तकरीबन डेढ़ सौ लोगों को रोजगार मिला हुआ है। कंपनी के आला अधिकारियों ने प्लांट की क्षमता बढ़ाने को हरी झंडी दे दी है। गैस सप्लाई के साथ-साथ कंपनी प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पेयजल जैसी मूलभूत जरूरतों पर विशेष कदम उठाने जा रही है। ऊना तथा कुल्लू जिलों को इसके लिए तरजीह दी जाएगी। इंडियन ऑयल कंपनी के कार्यकारी निदेशक सुदेव गुप्ता तथा उत्तरी क्षेत्र के डीजीएम सीएसआर धीरेंद्र चौधरी ने इस बात की पुष्टि की है। इन दोनों प्रमुख अधिकारियों की मानें तो कंपनी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कई अन्य कदम उठाने जा रही है, ताकि उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
तोलकर देना होगा एजेंसियों को गैस सिलेंडर
कंपनी के कार्यकारी निदेशक सुदेव गुप्ता ने कहा कि गैस सप्लाई करने वाली एजेंसियों को उपभोक्ताओं की मांग पर गैस का वेट करके देना होगा। ऐसा न करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि वह गैस सप्लायर से गैस का वजन करवाकर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें। वजन से इनकार करने वाली एजेंसियों के लाइसेंस रद किए जा सकते हैं।
