माफिया को कांग्रेस पार्टी के नेता दे रहे संरक्षण : सतपाल सत्ती

माफिया को कांग्रेस पार्टी के नेता दे रहे संरक्षण : सतपाल सत्ती

प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार छह महीने हो चुके हैं। विकास कार्य थम चुके हैं। सरकार का खजाना भी खाली है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर बात के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है, जोकि गलत है। यह बात ऊना के विधायक एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भाजपा कार्यालय ऊना में पत्रकारवार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि ऊना विधानसभा क्षेत्र में दनदना रहे हर प्रकार के माफिया के लिए स्थानीय पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता संरक्षण हैं। संतोषगढ़, खानपुर और फतेहपुर में रात के अंधेरे में स्वां नदी से अवैध खनन हो रहा है। निसंदेह कोई अपनी निजी जमीन से घर निर्माण के लिए रेत ले वह अलग बात। लेकिन बिना लीज और प्रतिबंधित होने के बावजूद स्वां नदी में खनन माफिया सक्रिय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि खनन से जुड़े अधिकारी कांग्रेस नेता के यहां बैठक कर अपना हिस्सा तय करते हैं। पुलिस से लेकर अन्य विभाग भी कोई व्यापक कार्रवाई न कर मात्र ट्रैक्टरों का चालान कर इतिश्री कर लेते हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री इस बात को कबूल कर चुके हैं कि बद्दी बरोटीवाला, ऊना और प्रदेश के अन्य हिस्सों में बरसात में हुए नुकसान के लिए खनन माफिया जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि भाजपा सरकार ने ऊना की स्वां नदी और खड्डों चैनेलाइजेशन कराया अन्यथा यहां उफान पर आई नदी और नाले कहर मचाते। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में दड़े सट्टे की 30 नई दुकानें खुल गई हैं। शराब के उप ठेके खोले जा रहे हैं। माइनिंग पोस्ट ठप पड़ी हुई हैं। तबादला माफिया, एमआर माफिया, गुंडा माफिया, स्कूलों में नकल करवाने का ठेका भी कांग्रेस नेताओं ने लिया है। उन्होंने कहा कि इन सभी के प्रमाण भाजपा के पास है। अच्छा होगा कि अधिकारी स्वयं हरकत में आकर माफिया पर लगाम लगाए। अन्यथा भाजपा का विरोध झेलने के लिए तैयार रहें।

इस मौके पर भाजपा नेता मनोहर लाल, राज कुमार पठानिया, अशोक धीमान, बोधराज आदि सदस्य मौजूद रहे।

Related posts