भाजपा ने किया आनी से भेदभाव : खूब राम

निरमंड (कुल्लू)। आनी के विधायक खूब राम आनंद ने कहा कि तत्कालीन भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र के लोगों के साथ हमेशा से भेदभाव किया है। पिछले पांच साल में यहां के अस्पतालों और स्कूलों में स्टाफ की कमी रही। इसके चलते लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा। खूब राम लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह निरमंड में लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद पत्रकार वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार को आनी विधानसभा क्षेत्र के नित्थर में सब तहसील खोलनी ही थी तो पहले चाहिए था कि यहां के लिए पद स्वीकृत करती। उसके बाद सब तहसील खोलती। पूर्व भाजपा सरकार ने आनी और निरमंड से नायब तहसीलदार, कानूनगो और अन्य स्टाफ को यहां लाया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा निरमंड तहसील से चलने वाली लंबी दूरी की एक मात्र बस चंडीगढ़-बागीपुलको भी बिना कारण बंद कर दिया।
इसके बारे में मुख्य मंत्री वीरभद्र सिंह से बात की गई है। नित्थर उप तहसील के लिए अलग से स्टाफ तैनात करने की मांग की गई है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता यूपेंद्र कांता मिश्रा, कुलवंत कश्यप, पंकज शर्मा, बसंत कश्यप, राहुल शर्मा, धर्मेंद्र दत्त शर्मा, कपिल शर्मा और पद्म स्नेही सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts