प्रभा अध्यक्ष और किशन होंगे उपाध्यक्ष

बंजार (कुल्लू)। पंचायत समिति बंजार के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले कांग्रेस समर्थित दस पंचायत समिति सदस्यों ने बैठक कर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नाम तय कर लिए हैं। क्षेत्रीय संतुलन को मद्देनजर रखते हुए अध्यक्ष पद के लिए सैंज क्षेत्र के वार्ड तीन धाउगी की प्रभा पालसरा का नाम सुझाया गया। पंस अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। उपाध्यक्ष पद के लिए सराज क्षेत्र के वार्ड 15 से किशन ठाकुर नाम तय किया गया है।
पंचायत समिति बंजार में 15 सदस्य हैं। फिलहाल इसमें से कांग्रेस के साथ 10 सदस्य हैं। भाजपा के साथ पांच सदस्य हैं। लिहाजा अभी तक कांग्रेस को स्पष्ट रूप से दो तिहाई बहुमत मिलना तय है। भाजपा समर्थित सदस्यों को पंचायत समिति बंजार में कब्जा बरकरार रखने के लिए आठ सदस्यों का समर्थन चाहिए। बंजार कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कांग्रेस समर्थित सभी पंचायत समिति सदस्यों ने आपसी तालमेल से अच्छा निर्णय लिया है। 23 फ रवरी को पंचायत समिति बंजार में बहुमत के चलते कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाएंगे। बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्ण सिंह और ब्लाक कांग्रेस कमेटी बंजार के अथक प्रयासों से यह संभव हो पाया है। इसका श्रेय विधायक कर्ण सिंह, ब्लाक कांग्रेस कमेटी बंजार को जाता है।
एसडीएम बंजार वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव 23 फरवरी को होंगे। चुनाव को लेकर तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।

Related posts