पुलिस को गच्चा दे रहा प्रधान

ऊना। महिला से दुराचार का आरोपी प्रधान पुलिस को चकमा दे रहा है। गांव की ही एक महिला ने पंचायत प्रधान पर दुराचार के आरोप लगाए हैं। प्रधान की धरपकड़ को पुलिस का छापामारी अभियान जारी है। पता चला है कि पुलिस ने पंजाब राज्य के गढ़शंकर, लुधियाना, होशियारपुर, नवांशहर समेत अन्य क्षेत्रों में छापामारी की है। दो रोज पहले पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि आरोपी प्रधान पंजाब के माछीबाड़ा में छिपा है। जिस पर पुलिस की टीम ने क्षेत्र में दबिश दी। लेकिन, प्रधान तब तक नौ दो ग्यारह हो चुका था। हालांकि भाजपा नेताओं समेत कई पंचायतों के प्रधान भी दुराचार के आरोपी प्रधान के पक्ष में उतरे हैं। दुराचार पीड़िता का पति, सास और ननदोई भी आरोपी प्रधान के पक्ष में आगे आए हैं। पीड़िता के ससुरालियों का भी कहना है कि पीड़िता ने अगस्त माह में भी अपने देवर और ननदोई पर दुराचार के आरोप जड़े थे। लेकिन, पुलिस का कहना है कि यदि एक महिला दुराचार को लेकर शिकायत करवा रही है तो पुलिस को जांच करनी पड़ेगी। वास्तविकता का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। उधर, ऊना जिला कांग्रेस कमेटी भी कह रही है कि पुलिस की जांच को प्रभावित न किया जाए। एडिशनल एसपी राकेश सिंह ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी जारी है। उन्होंने दावा किया है कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।

Related posts