
नादौन (हमीरपुर)। भारी बारिश के चलते मझीण पंचायत के गांव बलड़ी में ओम प्रकाश के मकान पर साथ लगती ढांक गिर गई है। इससे मकान के अंदर काफी पानी घुस गया है। इससे घर में रखे सामान को भी क्षति पहुंची है। वहीं मकान को खतरा पैदा हो गया है। गांव के ही धर्म चंद ने बताया कि उनके कच्चे मकान पर भी पहाड़ी से ल्हासा गिरा है। इससे उनके मकान में पानी घुस गया है। साथ ही मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। हालत यह हैं कि मकानों के अंदर पहाड़ी के मलबे के चलते पानी का रिसाव शुरू हो गया है। इससे दोनों परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों की शिकायत पर पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मौका देख लिया है। उधर, वार्ड सदस्य रमेश चंद का कहना है कि स्थानीय विधायक संजय रत्न को इस बारे सूचित कर दिया गया है। उन्होंने शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
