
नई दिल्ली। पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विशेष दूत शहरयार खान ने पलटी मारते हुए भले ही अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के यूएई जाने की बात कही हो, मगर रॉ और दिल्ली पुलिस ने एक बार दावा किया है कि दाऊद पाकिस्तान में ही छिपा हुआ है। रॉ के इनपुट्स के बाद दिल्ली पुलिस ने आखिरी बार मई महीने में दाऊद के फोन को इंटरसेप्ट किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को ऐसे इनपुट्स मिले हैं जिनसे सिद्ध होता है कि दाऊद पाकिस्तान में ही है। सबसे बड़ा सबूत ये है कि दाऊद व उसका गुर्गा छोटा शकील पाकिस्तान के जिस मोबाइल नंबर का प्रयोग कर रहे थे वो फोन अब भी सक्रिय है।
स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, रॉ ने दिल्ली पुलिस को आठ मोबाइल नंबर दिए थे। इनमें कुछ विदेशी नंबर थे। स्पेशल सेल ने फरवरी महीने में इन नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया था। रॉ को एक जून के आसपास फिर इनपुट्स मिले थे कि कुछ नंबर दाऊद व उसका गुर्गा छोटा शकील बदल-बदल का प्रयोग कर रहे हैं। स्पेशल सेल ने आईपीएल फिक्सिंग मामले में दाखिल चार्जशीट में कहा है कि, खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस के साथ गुप्त सूचनाएं साझा की थीं।
स्पेशल सेल ने अपनी तफ्तीश में पाया कि पाकिस्तान के एक मोबाइल नंबर + 9233…4488 को दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील प्रयोग करते हैं। इस नंबर से दुबई के एक मोबाइल नंबर +9715…786 से लगातार बात होती है। दिल्ली पुलिस ने दुबई के इस नंबर का पता किया तो पता लगा कि डॉ. जावेद जुटानी इस फोन का प्रयोग करता है। दाऊ द और शकील भारत में भी एक मोबाइल नंबर पर लगातार बात कर रहे थे। भारत में अश्विनी कुमार उर्फ टिंकू मंडी दाऊद से बात करता था। टिंकू मंडी भारत में दाऊद के लिए स्पॉट फिक्सिंग करता था। दाऊद ने रमेश व्यास को भी फोन किया था।
पाकिस्तान नागरिक है जावेद
दिल्ली पुलिस ने अपनी चार्जशीट में ये भी कहा है कि डॉ. जावेद एक पाकिस्तान नागरिक है। वो दाऊद का खास आदमी है और भारत में टिंकू मंडी के संपर्क में था। डॉ. जावेद ने दाऊद के काले कारोबार संभाल रखे हैं।
पाक से आया था फोन : रमेश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईपीएल फिक्सिंग मामले में गिरफ्तार बुकी रमेश व्यास ने पूछताछ में बताया था कि उसके पास पाकिस्तानी नंबर से दाऊद का फोन आया था। दाऊद ने उसे ईमानदारी से काम करने और सहयोग करने के लिए धमकाया था। पुलिस ने रमेश के खुलासे को स्क्रिप्ट के रूप में चार्जशीट में रखा है।
