खेमका को हुड्डा के सामने चुनाव लड़ने का न्योता

नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा की निलंबित आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल के बाद अब आम आदमी पार्टी ने हरियाणा कैडर के आईएएस अशोक खेमका को राजनीति में आने में न्योता दिया है। पार्टी ने उन्हें हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ चुनाव लड़ने की सलाह दी है। आम आदमी पार्टी की दलील है कि दुर्गा शक्ति नागपाल और अशोक खेमका जिस व्यवस्था से न्याय की उम्मीद कर रहे हैं, वह उनके साथ नहीं है। पार्टी ने कहा है कि रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ रिपोर्ट देने के बाद उन्हें थोड़ी हिम्मत और दिखानी चाहिए। उन्हें अपने पद से इस्तीफा देकर व्यवस्था से बाहर आना चाहिए। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहिए। पार्टी ने कहा है कि खेमका अगर निर्दलीय चुनाव भी लड़ते हैं तो भी वह उनका समर्थन करेगी। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्गा शक्ति मामले में प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखने वाली यूपीए की मुखिया ने आखिर अशोक खेमका के मामले में चुप्पी क्यों साध रखी है।

Related posts