दिल्ली और हिमाचल में भी जमानत पर हैं मां-बेटा, संबित पात्रा ने बोले ऐसे बोल

दिल्ली और हिमाचल में भी जमानत पर हैं मां-बेटा,  संबित पात्रा ने बोले ऐसे बोल

शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं। कांग्रेस अभी पांच प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में मतदान 12 नवंबर को होगा। जबकि मतगणना 26 दिन बाद यानि 8 दिसंबर को होगी।

लाइव अपडेट
01:37 PM, 22-OCT-2022
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

हिमाचल के कांगड़ा स्थित धर्मशाला में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर निशानाा साधा। संबित पात्रा ने कहा कि दिल्ली में मां-बेटे की जोड़ी और प्रदेश में प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह जमानत पर हैं। दिल्ली में और हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस मां-बेटे के नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर रही।

01:15 PM, 22-OCT-2022
आशीष शर्मा ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर से कारोबारी आशीष शर्मा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। अशीष शर्मा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है। शुक्रवार को उन्होंने कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की थी। गौरतलब है कि शुक्रवार को हमीरपुर में जिला कांग्रेस, युवा इंटक, कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस और अन्य अग्रणी संगठनों के 150 से अधिक पदाधिकारियों ने आपात बैठक बुलाकर पार्टी हाईकमान से हमीरपुर से संगठन के कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग उठाई थी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अगर पार्टी व संगठन से बाहर के किसी व्यक्ति को कांग्रेस का टिकट मिलता है तो वह चुनाव में समानांतर निर्दलीय प्रत्याशी उतारेंगे और आशीष शर्मा की जमानत जब्त करवाएंगे।
01:00 PM, 22-OCT-2022
25 को जारी होगी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट 25 अक्तूबर को जारी होगी। 31 अक्टूबर को सुबह कुल्लू में प्रियंका गांधी का रोड शो होगा और दोपहर को वे मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी।

12:55 PM, 22-OCT-2022
डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश करेंगे नड्डा
बिलासपुर सदर से विधायक सुभाष ठाकुर का टिकट कटने और त्रिलोक जम्वाल को टिकट मिलने से विरोध बढ़ गया है। भाजपा के ही राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुभाष शर्मा ने सदर से नामांकन किया है। मौजूदा विधायक, सदर भाजयुमो के कई पदाधिकारी भी त्रिलोक से दूरी बनाकर बैठे हैं। दूसरी तरफ, सदर से कांग्रेस ने बंबर ठाकुर को टिकट देकर बड़ा दांव खेला है। झंडूता में पूर्व भाजपा मंत्री रिखीराम कौंडल के बेटे ने भी बगावत कर नामांकन पत्र भरा है। बिलासपुर दौरे के दौरान नड्डा डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश करेंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता स्वदेश ठाकुर ने बताया कि जेपी नड्डा 22 अक्तूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे। नड्डा के निवास स्थान विजयपुर में दीप मिलन कार्यक्रम रखा गया है। इसमें जिले भर के कार्यकर्ता भाग लेंगे। नड्डा दिवाली तक बिलासपुर में ही रुकेंगे।
12:03 PM, 22-OCT-2022
बगावत शांत करने आज बिलासपुर पहुंचेंगे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हेलिकाप्टर से शनिवार दोपहर 3:00 बजे बिलासपुर के लुहणू मैदान पहुंचेंगे। यहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह अपने घर विजयपुर जाएंगे। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नड्डा का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। बिलासपुर नड्डा का गृह जिला है। यहां सदर और झंडूता विस क्षेत्र में भाजपा में बगावत चिंता का कारण बन गई है।
11:33 AM, 22-OCT-2022
अनुराग ठाकुर का काफिला कुछ देर के लिए रुक गया
अनुराग का काफिला झलेड़ा की तरफ से आ रहा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच अनुराग का काफिला कुछ देर के लिए रुक गया। अनुराग को देखकर रायजादा तुरंत समर्थकों के कंधों से उतरकर उनसे मिलने पहुंच गए। उन्होंने अनुराग से हाथ मिलाया। अनुराग ने भी रायजादा को चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद रायजादा ने समर्थकों से काफिले के लिए रास्ता देने की अपील की। इसके बाद अनुराग वहां से रवाना हो गए।

11:11 AM, 22-OCT-2022
कांग्रेस की रैली में फंसा अनुराग ठाकुर का काफिला, विधायक रायजादा ने खुलवाया रास्ता
विधानसभा चुनावों के कारण प्रदेश भर में इस समय राजनीतिक गरमाहट चरम पर है। इस बीच, ऊना में शुक्रवार को कुछ अलग नजारा देखने को मिला। ऊना शहर में कांग्रेस की रैली में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का काफिला फंस गया। ऊना सदर से कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक सतपाल रायजादा ने रास्ता खुलवाया।

11:04 AM, 22-OCT-2022
अभी तक प्रदेश में 255 नामांकन हुए
शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन प्रदेश भर में विभिन्न राजनीतिक दलों के 206 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। अभी तक प्रदेश में 255 नामांकन दर्ज हो चुके हैं। अब 22 से 24 अक्तूबर तक अवकाश रहेगा। 25 को नामांकन का आखिरी दिन है। 27 को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 29 अक्तूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
10:47 AM, 22-OCT-2022
सोशल मीडिया पर शेष पांच प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल
शुक्रवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर शेष पांच प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल हो गई। फर्जी सूची जारी करने वालों के खिलाफ पार्टी अब कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं।
10:33 AM, 22-OCT-2022
Himachal Election 2022 Live: संबित पात्रा बोले- दिल्ली और हिमाचल में भी जमानत पर हैं मां-बेटा
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सिर्फ एक दिन बचा है, लेकिन कांग्रेस शेष पांच प्रत्याशियों के नाम अभी तक तय नहीं कर पाई। जल्द सूची जारी होने की संभावना है।

Related posts