तो जनता की क्या होगी भाजपा : वीरभद्र

नगवाईं/पंडोह(मंडी)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की देश में कोई लहर नहीं है। मीडिया के माध्यम से भाजपा झूठी लहर बनाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश की चारों लोक सभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराएगा।
द्रंग विधानसभा क्षेत्र के टकोली में जनसभा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए वोट मांगे। भाजपा नेताओं पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट पर चुनावी मुकाबला एकतरफा है। भाजपा नेता मोदी के नाम पर सत्ता के सपने देख रहे हैं जबकि नरेंद्र मोदी की देश में कोई लहर नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने भाजपा को खड़ा करने में अपना जीवन लगा दिया आज उनका किसी पोस्टर में फोटो तक नहीं है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा अपने वरिष्ठ लोगों की नहीं हो सकी वह आम जनता की क्या होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पैसा खर्च करके मीडिया में झूठी लहर बनाने की कोशिश कर रही है। सच्चाई यह है कि मोदी नाम की कोई लहर नहीं है। हर-हर मोदी के नारे पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति भगवान शंकर से बड़ा नहीं हो सकता। जनसभा में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने दावा करते हुए कहा कि द्रंग की जनता प्रतिभा सिंह को रिकार्ड लीड दिलाएगी तथा कांग्रेस उम्मीदवार रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पंडोह में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पूर्ण चंद, प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्ण पाल शर्मा, द्रंग कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, प्रवक्ता कैलाश शर्मा, अनुसूचित जाति के अध्यक्ष नरोतम राम और महिला अध्यक्ष सरजू देवी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related posts