ठगी की आरोपी को ले गई रामपुर पुलिस

अंब (ऊना)। पंचकूला के मनीमाजरा से गिरफ्तार की गई ठगी की आरोपी महिला मालिनी पाठक को पुलिस ने सोमवार को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद न्यायालय में पेश किया। रामपुर पुलिस ने भी न्यायालय में इस महिला को हिरासत में लिए जाने के लिए अरजी दी थी। न्यायालय में अंब पुलिस ने कहा कि आरोपी महिला से पूछताछ शेष नहीं है, जिस पर न्यायालय ने रामपुर पुलिस को आरोपी महिला को हिरासत में लेने की इजाजत दे दी।
अब इस महिला से रामपुर पुलिस पूछताछ करेगी। रामपुर में भी आरोपी महिला ने कई महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है। रामपुर पुलिस टीम महिला पुलिस कर्मियों को लेकर अंब पहुंची थी। अंब के अतिरिक्त थाना प्रभारी कुलदीप राज शर्मा ने आरोपी महिला को रामपुर पुलिस के हवाले किए जाने की पुष्टि की है। अंब थाना में यह महिला पांच दिन के पुलिस रिमांड पर थी। रिमांड अवधि में पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने ठगी की इस बड़ी वारदात के संदर्भ में कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह ने हिमाचल ही नहीं बल्कि पड़ोसी राज्यों समेत कई क्षेत्रों में अपना जाल फैलाया हुआ था।
अंब में भी इस गिरोह ने कई महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है। ठगी का शिकार बनी महिलाओं को गिरोह ने रोजगार तथा स्वरोजगार दिलाने का झांसा दिया था। इस मामले में पुलिस ने मालिनी की मां समेत पंजाब की एक अन्य आरोपी महिला को भी गिरफ्तार किया था। मालिनी पुलिस को छका रही थी। अंत में मालिनी को पंचकूला से गिरफ्तार करने में पुलिस को कामयाबी मिली। इस महिला के खिलाफ रामपुर पुलिस थाना में भी मामला दर्ज है। अतिरिक्त थाना प्रभारी ने बताया कि अब रामपुर पुलिस भी इस महिला से पूछताछ करेेगी।

Related posts