
ऊना। गगरेट में रात्रि गश्त के दौरान एसआईयू ऊना की टीम एक युवक से स्मैक बरामद की। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक गगरेट में रात के समय संदिग्धावस्था में घूम रहा था। पुलिस को शक के आधार पर तलाशी लेने के बाद यह सफलता हाथ लगी।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम के हेड कांस्टेबल सतीश कुमार के नेतृत्व में विजय कुमार, शेर बहादुर, खुशविंद्र सिंह एवं राजेश शर्मा पर आधारित टीम रविवार रात को 10 बजे के करीब गगरेट में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गगरेट-मुबारिकपुर मार्ग पर यशदीप (28) को संदिग्धावस्था में घूमते देखा। शक के आधार पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 2.13 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्षेत्र में स्मैक की तस्करी कौन कर रहा है?
