अंब थाने में लोगों का हल्ला बोल

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के टकारला गांव में निजी स्कूल के वाहन द्वारा कुचले गए तीन वर्षीय छात्र अर्शप्रीत की मौत के मामले में सोमवार को क्षेत्र के कई लोग अंब थाना पहुंच गए। थाना में पहुंचकर लोगों ने हल्ला बोल दिया। निजी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी लोगों ने नारेबाजी की। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोगों ने कहा कि पुलिस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करे। उधर, अंब पुलिस ने आरोपी चालक अशोक कुमार के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे लुधियाना से गिरफ्तार किया। स्कूल के प्रबंध निदेशक के विरुद्ध भी मामला दर्ज कर लिया है। गत दिवस डीसी अभिषेक जैन भी इस मामले का कड़ा संज्ञान लेकर इसकी न्यायिक जांच के आदेश दे चुके हैं।
सोमवार को अंब थाना में पहुंचे टकारला के युद्धवीर सिंह, संजीव कुमार, राजवीर चौधरी, राजेंद्र ठाकुर, अश्वनी कुमार, अर्शप्रीत के पिता सुखचैन, महेंद्र ठाकुर, कमलदीप समेत अन्य लोगों ने कहा कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। कहा कि निजी स्कूल प्रबंधन द्वारा नियमों को ताक पर रखकर एक निजी वाहन को बतौर स्कूल वाहन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही थी। न तो उक्त वाहन में सहायक नियुक्त किया गया था और न ही अन्य नियमों की अनुपालना की गई थी। घटना के दौरान पुलिस ने भी इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाते समय हुई मौत का मामला दर्ज कर खानापूर्ति कर दी थी। यह भी आरोप जड़े कि मामले को प्रभावित करने के लिए ऊंची पहुंच का भी सहारा लिया जा रहा था। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चे के परिजनों द्वारा की जा रही निष्पक्ष कार्रवाई की मांग के साथ मीडिया ने भी पुलिस के कथित लापरवाह रवैये को उजागर करने में अहम भूमिका निभाई।

चालक और स्कूल प्रबंध निदेशक पर केस
डीएसपी अंब सागर चंद्र ने कहा कि पुलिस ने वाहन चालक अशोक कुमार के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 304 के तहत मामला दर्ज किया है। स्कूल के प्रबंध निदेशक एमएल शर्मा के विरुद्ध भी भादंसं की धारा 304ए के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर फरार चालक को लुधियाना से गिरफ्तार किया। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में जो तथ्य सामने आए हैं उनके आधार पर ही कार्रवाई की गई है। आरोपी चालक को न्यायालय में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts