
ऊना। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने ऊना के वार्ड नंबर आठ मेें भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के समर्थन में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंनेे कहा कि स्वयं वीरभद्र सिंह जातीय टिप्पणियां कर रहे हैं। कार्यकर्ता मिशन 272 की पूर्ति के लिए काम करें, ताकि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हो सके।
सत्ती ने कहा कि आज देश एवं प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ हवा है। कांग्रेस संघर्ष कर रही है, तो वहीं भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों के पक्ष में लहर चल रही है। देश के हर वर्ग की पसंद पीएम के रूप में नरेंद्र मोदी बने हैं। सत्ती ने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि इस हवा से हमें भी हवा में नहीं रहना है, बल्कि जमीन पर रहकर काम करते हुए अपनी सोच को मतदाता तक पहुंचाना है। सत्ती ने कहा कि ये चुनाव देश के लिए अहम हैं। चुनाव यह भी तय करेगा कि जनता महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से मुक्ति चाहती है। इसलिए बूथ पर भाजपा मजबूत हो, इसकी चिंता कार्यकर्ता एवं नेता को करनी होगी। सत्ती ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने बेहतर उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, ऐसे में प्रदेश की जनता चारों सीटें भाजपा एवं नरेंद्र मोदी की झोली में डाले।
इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, ऊना शहरी भाजपा के अध्यक्ष सुरजीत सैणी, महामंत्री नवीन पुरी, पार्षद विनोद पुरी, पुष्पा देवी, कोकिंद्र, सुभाष, ओम प्रकाश, स्वर्णा राम, कमल चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
