कुल्लू में बनेगी भाजपा की चुनावी रणनीति

कुल्लू ( भाग सिंह)2012 को सत्ता से बाहर तथा 2013 को मंडी लोस के उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब लोक सभा के आम चुनाव के लिए अपना चुनावी प्रचार अभियान तेज कर दिया है। हार का बदला लेने के लिए बेताब भाजपा कांग्रेस को हर मोर्चे पर घेरने की तैयारी में जुट गई है। पहले विस और बाद में उपचुनाव में मिली दो बार हार की गलतियों से सबक लेते हुए पार्टी की प्रदेश इकाई लोस चुनाव में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती है। मोदी को पीएम बनाने के 272 के आंकड़े के मकसद को लेकर प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेता आठ अप्रैल को रघुनाथ की नगरी कुल्लू में चुनावी रणनीति बनाएंगे। इस दिन कुल्लू तथा मनाली विस क्षेत्र में मंडल स्तर के कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जय राम ठाकुर, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा तथा भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स देेंगे। एक दिन के इस मंडल सम्मेलन में बूथ अध्यक्ष, मंडल कार्यकारिणी, भाजपा के सभी प्रकोष्ठों व मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल से जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा कार्यकारिणी सदस्य भाग लेंगे। प्रदेश प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के संयोजक युवराज बोध ने यह यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि आठ अप्रैल को पहले कुल्लू विस में तथा दोपहर बाद मनाली विस में मंडल स्तरीय सम्मेलन होंगे। इस दौरान वर्तमान राजनीतिक तथा संगठन के पहलुओं पर मंथन किया जाएगा।

Related posts