कुल्लू की एक दर्जन सड़कें बंद

कुल्लू।(भाग सिंह) ताजा बर्फबारी से कुल्लू जिले की करीब एक दर्जन से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। उपमंडल आनी का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है।
हिमपात से कुल्लू के गाड़ागुशैणी, छतरी, बुलाधार आदि संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। इसके अलावा लगघाटी के भी भल्याणी और तेलंग मार्ग बर्फबारी के चलते बंद हो गए हैं। ऊझी घाटी के ब्यासर, जाणा तथा कोठी संपर्क मार्ग भी बर्फबारी से बंद हो गए हैं। बर्फबारी के चलते आनी उपमंडल के करीब आधा दर्जन संपर्क मार्गों पर भी यातायात ठप हो गया है। शनिवार सुबह हुई ताजा बर्फबारी के चलते निचले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों को ठंड से बचने के लिए हीटर और तंदूर आदि का सहारा लेना पड़ा। वहीं, एक दर्जन से ज्यादा मार्ग बंद होने से लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों विकास, राजकुमार, डिणे राम, भूप सिंह, रमेश कुमार, लाल चंद आदि का कहना है कि बर्फबारी के कारण मार्ग बंद होने के कारण उन्हें पैदल सफर करना पड़ा। उधर, एडीएम कुल्लू विनय सिंह ने बताया कि मौसम खुलते ही विभाग को संपर्क मार्गों को खोलने के आदेश दिए जाएंगे।

Related posts