करोड़ों के प्लान पर आज मुहर!

शिमला। प्रदेश में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की राज्य स्तरीय काउंसिल की पहली बैठक वीरवार को धर्मशाला में होगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में प्रदेश में उच्च शिक्षा के विकास के लिए 850 करोड़ के प्रोजेक्ट पर मुहर लग सकती है। प्रदेश के 72 कॉलेजों, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, दो इंजीनियरिंग कॉलेजों के विकास सहित नए संस्थान खोलने का प्रस्ताव इस प्लान में शामिल है। परिषद की मंजूरी के बाद उच्च शिक्षा विभाग की ओर से इसका प्लान तैयार कर केेंद्र को 30 जनवरी से पहले दिल्ली जाकर सौंपना है। इसके बाद ही हिमाचल को केंद्रीय योजना से बजट मिलना प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार के प्लान में आठ नए कॉलेज खोलने के साथ दो मॉडल कॉलेज खोले जाने हैं। दोनों नए मॉडल कॉलेज सिरमौर और चंबा में खोले जाने प्रस्तावित हैं। प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से 200 करोड़ का प्लान तैयार कर सौंपा गया है। इसमें विश्वविद्यालय में विजन 2020 की कई योजनाओं को शामिल किया है। तकनीकी शिक्षा में सुंदरनगर और गुम्मा के कॉलेज को बजट मिलना है। नया कॉलेज नगरोटा बगवां में खोला जाना प्रस्तावित है। प्रधान सचिव (शिक्षा) अली रजा रिजवी ने बताया कि उच्च शिक्षा परिषद की पहली बैठक की तैयारियां पूरी हो गई हैं। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जरूरतों के अनुसार प्लान तैयार किया है। पारित करने के बाद इसे भारत सरकार को सौंपा जाएगा।

Related posts