अकाली-भाजपा सरकार ने कालोनाइजरों व प्रॉपर्टी डीलरों को औंधे मुंह फैंका : धीर

मोगा (बिंदा ): पंजाब के कालोनाइजरों एवं प्रॉपर्टी डीलरों की किसी समय अकाली-भाजपा सरकार बहुत लाडली थी। इन कालोनाइजरों एवं प्रॉपर्टी डीलरों को भ्रम था कि अकाली-भाजपा सरकार उनकी अनधिकृत कालोनियों व प्लाटों को रैगुलर करके उनके प्यार का मूल्य चुकाएगी, परंतु इन अनधिकृत कालोनियों व प्लाटों को रैगुलर करने की इस लाडली सरकार ने ऐसी पॉलिसी जारी की है कि पंजाब भर के कालोनाइजरों व प्रॉपर्टी डीलरों को औंधे मुंह फैंक दिया है।

यह बात मालवा के प्रमुख मजदूर नेता जिला इंटक प्रधान एड. विजय धीर ने पत्रकारवार्ता के दौरान कही। धीर ने कहा कि पंजाब भर के कालोनाइजर एवं प्रॉपर्टी डीलर बड़े भोले-भाले हैं। इनको शायद पता नहीं था कि पुडा का चेयरमैन खुद डिप्टी सी.एम. सुखबीर बादल हैं और अकाली-भाजपा के लिए तो कालोनाइजरों व प्रॉपर्टी डीलर सबसे बड़ी धुरी हैं।

उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार पैसे की पीर है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार इन कालोनाइजरों से 5 पैसे भी लेने नहीं बनते हैं और अनधिकृत कालोनियां रातों-रात नहीं बन गईं। इसके लिए पुडा के अधिकारी जिम्मेदार हैं। इन कालोनाइजरों व प्रॉपर्टी डीलरों से वसूल किए जाने वाले पैसे पुडा के इन दोषी अधिकारियों से वसूले जाएं।

उन्होंने पंजाब सरकार से पंजाब भर के कालोनाइजरों व प्रॉपर्टी डीलरों की मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की। इस मौके पर पंजाब इंटक के महासचिव दविंद्र सिंह जौड़ा, पंजाब यूथ इंटक के महासचिव राजविंद्र सिंह लवली, नैस्ले ठेकेदार लेबर यूनियन के प्रधान सुखमिन्द्र सिंह, राज मिस्त्री मजदूर यूनियन के प्रधान नायब सिंह, लाल सिंह लाली व संतोख सिंह मौजूद थे।

Related posts