
जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली ने धैर्य, प्रतिबद्धता और क्रामकता के मिश्रण की बेजोड़ मिसाल पेश करते हुए दक्षिण अफ्रीका के ‘पंगु’ आक्रमण की जमकर धज्जियां उड़ाई जिससे भारत ने दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच पर मजबूत शिकंजा कस दिया।
पुजारा ने अपने करियर का छठा शतक बनाया और वह 135 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। पहली पारी में शतक जडऩे वाले कोहली लगातार दूसरा शतक बनाने की स्थिति में दिख रहे हैं। वह 77 रन बनाकर खेल रहे हैं। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 191 रन की अटूट साझेदारी से भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 284 रन बनाए।
भारत ने इससे पहले सुबह दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 244 रन पर ढेर कर दिया था। इस तरह से पहली पारी में 280 रन बनाने वाली भारतीय टीम की कुल बढ़त 320 की हो गई है। ग्रीम स्मिथ की विश्व की नंबर एक टीम के लिए वांडरर्स की टूटती पिच पर 300 रन से अधिक का लक्ष्य हासिल करना बेहद मुश्किल होगा।
मैच का तीसरा दिन पूरी तरह से भारत के नाम रहा। जहीर खान ( 88 रन देकर चार विकेट) और इशांत शर्मा (78 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से उसने सुबह दक्षिण अफ्रीका के बाकी बचे चार विकेट 31 रन के अंदर पवेलियन भेज दिए। दक्षिण अफ्रीका की परेशानी यहीं पर समाप्त नहीं हुई। उसके मुख्य तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल का टखना मुड़ गया और अब वह इस मैच में आगे नहीं खेल पाएंगे।
