
गुड़गांव। सिटी बसों में सफर करने के दौरान अब स्टैंड निकल जाने की टेंशन से मुक्त हो जाइए। सिटी बसों में मेट्रो की तर्ज पर रूट डिस्प्ले चार्ट लगेंगे। यह दीगर है कि यह मेट्रो के रूट चार्ट से थोड़ा सा भिन्न होगा। फर्क सिर्फ इतना होगा कि स्टैंड आने से पहले और स्टैंड आने पर महज उद्घोषणा नहीं होगी, लेकिन स्टैंड आने से पूर्व डिस्प्ले पर यह दिखाई देगा कि अगला स्टैंड कौन सा होगा? साथ ही स्टैंड आने के बाद स्टैंड डिस्प्ले बोर्ड पर उसी स्टैंड का नाम डिस्प्ले होता रहेगा। बस चलते ही अगले स्टैंड का नाम बोर्ड पर डिस्पले होने लगेगा। रोडवेज के अधिकारियों का दावा है कि सिटी बसों में जल्दी ही यात्रियों को यह सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।
रोडवेज जीएम ने कहा कि सिटी बसों में रूट डिस्पले चार्ट लगाने पर विचार किया गया है। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में योजना को डाला जाएगा। उसके बाद इसे अमलीजामा पहना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसों के आगे रूट डिस्प्ले बोर्ड लगाए हैं। अब बसों के अंदर भी यह व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो की तरह गेट पर डिस्प्ले बोर्ड लगाने की बजाय उन्हें सीटों के सामने लगाया जाएगा। सिटी बसों की सीटों का मुंह एक तरफ ही है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद सिटी बसों में सीटी सेवा का मुंह दोनों तरफ है। उन्होंने कहा कि महानिदेशक के साथ बैठक कर पहले इस पर चर्चा की जाएगी। उनकी मोहर के बाद बसों में डिस्प्ले बोर्ड लगवाए दिए जाएंगे। इसके लिए बेहतर डिस्प्ले बोर्ड लगाने वाली कंपनियों से संपर्क किया जा रहा है।
