सुखबीर ने मांगा कैप्टन से एफिडेविट कहा कर्ज माफ न कर सके तो पंजाब के नाम करेंगे संपत्ति

सुखबीर ने मांगा कैप्टन से  एफिडेविट कहा  कर्ज माफ न कर सके तो पंजाब के नाम करेंगे  संपत्ति

लुधियानाः  उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरेंद्र सिंह पंजाब के किसानों को गुमराह कर रहे हैैं। कैप्टन 100 फीसद कर्ज माफी का दावा कर रहे हैैं। सुखबीर ने कहा कि कैप्टन एफिडेविट दें कि अगर कर्ज माफ न कर सके तो अपनी संपत्ति पंजाब के नाम करेंगे।
सुखबीर गुरुनानक स्टेडियम में आयोजित पंजाबी सूबा विद्यार्थी उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो भी कांग्रेसी विधायक कैप्टन के इस बयान से इत्तफाक रखते हैैं उन्हें भी एफिडेविट देना चाहिए। सुखबीर ने कहा कि पंजाब में 5 लाख युवाओं का डोप टेस्ट किया गया, इनमें मात्र 1 फीसदी ही नशेड़ी निकले, जबकि कांग्रेस पंजाबियों को बदनाम करने पर तुली है। सुखबीर ने कहा कि अगर कांग्रेस पंजाब में आई तो झगड़े बढ़ेंगे और टोपी वाले आए तो वह पंजाब का बेड़ागर्क कर देंगे।
वहीं कांग्रेस विधायक मोहम्मद सदीक कार्यक्रम के दौरान सुखबीर बादल के बगल पर बैठे रहे। सुखबीर जब वहां से गए तो सदीक भी चले गए। जब सदीक से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि यह अकाली दल का कार्यक्रम है।

Related posts