
चंडीगढ़: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने गुरुवार को उन सभी अफवाहों को नकार दिया है, जिसमे यह बात कही जा रही थी कि कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनावों के लिए सिद्धू को पार्टी में शामिल कर रही है।
सिद्धू के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही
कैप्टन ने स्पष्ट किया है कि नवजोत सिद्धू के साथ पार्टी की कोई बातचीत नहीं चल रही और ये सभी बातें सिर्फ अफवाह ही है। कैप्टन के हवाले से एक अंग्रेजी अखबार ने लिखा है कि सिद्धू के लिए कांग्रेस के दरवाजे बंद हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, कैप्टन ने उन सभी रिपोर्टों को रद्द किया है, जिनमें कहा गया है कि कांग्रेस ने आवाज-ए -पंजाब को 13 सीटों और सिद्धू को उप मुख्यमंत्री पद की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि सिद्धू न तो हाईकमान के पास पहुंचे हैं और न ही कांग्रेस ने इस बारे सिद्धू के साथ कोई बात की।
आवाज-ए-पंजाब की टीम सीट जीतने लायक भी नहीं
कैप्टन ने कहा कि वह 6 अक्तूबर को सिर्फ परगट सिंह से मिले थे लेकिन इस दौरान सीटों के बंटवारे के बारे में कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सिद्धू जोड़ी, परगट सिंह और बैंस भाई तो अपनी सीट जीतने लायक भी नहीं। इसलिए कांग्रेस ऐसे लोगों के साथ हाथ मिलाने के बारे सोच भी नहीं सकती। वहीं पंजाब मामलों की इंचार्ज आशा कुमारी ने भी कहा है कि सिद्धू के साथ कांग्रेस कोई बातचीत नहीं कर रही।

