
चुवाड़ी (चंबा)। लोकसभा चुनावों के चलते कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार ने भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रायपुर में चुनाव प्रचार किया। यहां पर आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सात मई को अपने-अपने बूथ पर सतर्क रहें व अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जितना अधिक मतदान होगा, सत्ता परिवर्तन के लिए मददगार साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन के खिलाफ चुटकी लेते हुए कहा कि पिछले 10 साल तक देश लुटता रहा और प्रधानमंत्री चुपचाप सहन करते रहे। उन्होंने कहा कि कोयला आवंटन घोटाले में पीएमओ कार्यालय का जुड़ा होना काफी शर्मनाक है। शांता कुमार ने कहा कि जिस देश का प्रधानमंत्री ही घोटाले में संलिप्त हो देश की तरक्की कैसे होगी। उन्होंने कहा कि कोयला आवंटन घोटाले की जब जांच होने लगी तो फाइलें गुम हो गई थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 50 फाइलें नहीं संभाल सकते तो देश कैसे संभालेंगे। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार जाएगी तो देश से महंगाई, भ्रष्टाचार और गरीबी दूर होगी। शांता कुमार ने कहा कि देश के मतदाता ही देश को बर्बाद होने से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आए दिन बयान दे रहे हैं कि देश में मोदी की लहर नहीं है। अगर मोदी की लहर नहीं है तो बार-बार उनके नाम की चर्चा किसलिए की जा रही है। उन्होेंने कहा कि सरकार चाहे भाजपा की बने या कांग्रेस की भटियात क्षेत्र से हमेशा भाजपा ही जीती है। उन्होंने कहा कि कें द्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद चंबा में सीमेंट प्लांट को प्राथमिकता के आधार पर लगाएंगे। इस अवसर पर स्थानीय विधायक विक्रम जरियाल, पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष राजकुमार चंबियाल, महामंत्री नानक चंद शर्मा व नंद पाठक मौजूद रहे।
