
भरमौर (चंबा)। भरमौर में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सीपीआईएम और बीजेपी के प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी भरमौर डा. जितेंद्र कंवर ने सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने पर भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा व सीपीआईएम प्रत्याशी कुशाल भारद्वाज को नोटिस जारी किए हैं। भरमौर विस क्षेत्र में उड़नदस्ता टीम ने रोजाना चेकिंग के दौरान अब तक 16 लाख, 15 हजार 609 रुपये की नकदी पकड़ी थी। इस संबंध में पुख्ता दस्तावेज प्रस्तुत करने पर राशि को वापस लौटा दिया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने 50 हजार से अधिक नकदी अपने साथ ले जाने वाले लोगों से नकदी के संबंध में पुख्ता दस्तावेज अपने पास रखने का आग्रह किया है। लघु सचिवालय भरमौर में चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों की बैठक को संबोधित करते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी भरमौर डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि हमारा लोकतंत्र तभी सुदृढ़ होगा, जब हम सभी मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित माइक्रो पर्यवेक्षकों को कहा कि वे उन्हें सौंपे गए दायित्व का निष्ठा से निर्वहन करें तथा चुनाव आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान करवाएं। उन्होंने बताया कि सात मई को मतदान के दिन यदि किसी मतदाता के पास पहचान पत्र नहीं है तो भी वैकल्पिक पहचान पत्रों को निर्वाचन आयोग द्वारा मान्यता दी गई है। इसमें शर्त यह रखी गई है कि संबंधित मतदाता सूची में मतदाता का नाम होना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे मतदान के दिन फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर आएं। यदि कोई मतदाता अपना मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ है तो वह अन्य दस्तावेज पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंकों व डाकघरों द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पास बुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड व पेंशन दस्तावेज दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए किसी प्रकार का उपहार व रिश्वत न लें। अगर कोई रिश्वत या प्रलोभन देता है तो उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 1860 की धारा 171 बी के दंड, जुर्माना या दोनों की सजा दी जा सकती है।
