आरएसएस के एजेंडे पर चुनाव लड़ रही भाजपा

चंबा(गीता)कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा के पास अपना कोई एजेंडा नहीं है। पार्टी आरएसएस के एजेंडे पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा भाजपा में आरएसएस की ओर से प्रत्याशी थोपे गए हैं। वह चंबा के कमेटी हाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे। चंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा में आरएसएस के हस्तक्षेप के कारण भाजपा के शीर्ष नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी व सुषमा स्वराज जैसे नेताओं की अनदेखी हुई है। इसके साथ ही भाजपा ने सत्ता मिले बिना ही अभी से मंत्रिमंडल का गठन कर दिया है। ऐसे में भाजपा को घटक दलों का समर्थन नहीं मिलेगा तो वह सरकार कै सी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नमो नमो का राग अलाप रही है। इससे पार्टी का स्तर काफी गिर गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा भाजपा के पास राष्ट्रीय स्तर का कोई मुद्दा नहीं है और न ही जनता की कोई फिक्र है। उन्होंने कहा कि शांता कुमार बार-बार अंत्योदय योजना को शुरू करने की बात करते हैं, लेकिन इस योजना के तहत मात्र 10 या 15 लोगों को पंचायत में सस्ता राशन मिलता था। आज कांग्रेस सरकार ने खाद्य सुरक्षा बिल पास कर देश के 80 करोड़ लोगों को सस्ता राशन मुहैया करवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आज हर तरफ विकास करवाया है। देश में 99 फीसदी गांवों में बिजली पहुंचाई है। अधिकांश गांवों को सड़क से जोड़ा है। इसके अलावा मनरेगा को शुरू कर ग्रामीणों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध करवाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार प्रदेश में चारों सीटों पर कब्जा करेगी। इसके अलावा केंद्र में फिर से यूपीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि शांता कुमार ने पहले भी चंबा को सीमेंट का कारखाना खोलने का झूठा लालच दिया था, मगर ऐसा हो नहीं सका। अब फिर से वहीं राग अलापा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेपी कंपनी ने यहां कारखाना खोलने की कवायद की थी, मगर घाटे का काम होने के कारण कंपनी ने हाथ पीछे खिंच लिए थे। उन्होंने कहा कि चंबा में पर्यटन को बढ़ाने के लिए यातायात सुगम व सुचारू बनाने के लिए होली व चुवाड़ी की सुरंगों का निर्माण जरूरी है। कांग्रेस इसके लिए प्रयास कर रही है। इस अवसर पर उनके साथ पीसीसी सचिव पवन नैय्यर, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज व अन्य नेता मौजूद रहे।
इंसेट………..
मेडिकल कालेज में 300 बिस्तरों की व्यवस्था
चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में जिला चंबा को मेडिकल कालेज की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि चंबा में मेडिकल कालेज खुलने से जहां स्थानीय युवाओं को डाक्टर की पढ़ाई करने में सहूलियत मिलेगी, वहीं जिले से अच्छे डाक्टर की तैयार हाेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरकार ने इसके लिए 1.80 करोड़ रुपये का प्रावधान कर लिया है। मेडिकल कालेज में 300 बिस्तरों की व्यवस्था होगी। इसके अलावा मेडिकल कालेज के छात्रों के लिए 100 सीटें निर्धारित की जाएंगी।

Related posts