
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के भजोगी में एक दुकानदार पर हमला कर तीस हजार रुपये और कागजों से भरा बैग लेकर अज्ञात लोग भाग गए। पुलिस के अनुसार संजीव कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह दुकान बंद कर अपने दोस्त प्रदीप के साथ कमरे में जा रहा था तो क्वार्टर पहुंचते ही कुछ अज्ञात लोगों ने पीछे से उन पर हमला बोल दिया। इसमें वह घायल हो गए और ये लोग उनके हाथ से बैग छीनकर भाग निकले। संजीव ने बताया कि बैग में तीस हजार रुपये नकदी और कुछ आवश्यक कागजात थे। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
