पानी की स्कीमें देखने पहुंचे मंत्री

हरोली (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के अप्पर और लोअर बढेहड़ा में सिंचाई व जलापूर्ति स्कीमों से पानी की अनियमित आपूर्ति की शिकायत मिलने पर उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। आईपीएच विभाग के एसई एनके त्रिवेदी और एक्सईएन मुकेश हीरा सहित तमाम विभागीय अमले को उन्होंने मौके पर तलब किया था।
उद्योग मंत्री की शनिवार रात बढेहड़ा में आयोजित जनसभा में एक ग्रामीण ने शिकायत की थी कि गांव में पेयजल की आपूर्ति सुचारु न होने से लोग दिक्कत में हैं। उद्योग मंत्री ने ऐलान किया था कि वह सुबह ही अप्पर बढेहड़ा एवं लोअर बढेहड़ा का दौरा करेंगे और खुद मौके पर आईपीएच की स्कीमें जांचेंगे। आईपीएच के आला अधिकारियों से लेकर पंप आपरेटरों तक को सुबह मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। उद्योग मंत्री ने दोनों पंचायतों में पहुंच कर पहले ग्रामीणों की बात सुनी, फिर अफसरों से वस्तुस्थिति बताने को कहा। आईपीएच अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दोनों पंचायतों में सिंचाई व पेयजल के जो नलकूप हैं, उनमें 76 नंबर नलकूप दो साल से खराब है। जबकि 73 नंबर नलकू प के टेंडर कर दिए गए हैं। बाकी के नलकूपों की भी उद्योग मंत्री को जानकारी दी गई। उद्योग मंत्री ने कहा कि अगले तीन दिनों में स्कीमों की रिपेयर करके चालू कर दिया जाएगा। इसी तरह 76 नंबर नलकू प जनवरी के अंत तक क्रियाशील कर दिया जाएगा। उन्होंने 59 नंबर नलकूप की रिपेयर के लिए 4 लाख रुपये देने की घोषणा की और 2006 में बनी बढेहड़ा जलापूर्ति योजना के संवर्धन के लिए एक सप्ताह के भीतर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बढेहड़ा के लबाना माजरा में वाटर टैंक बनाने और पहाड़ी मोहल्ले में ट्यूबवेल की डीपीआर तैयार करने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम धनवीर ठाकु र, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, हरोली ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष अश्वनी जसवाल, अप्पर बढेहड़ा के प्रधान राकेश पिंकी, हंसराज, पवन राणा, दिनेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts