
ऊना। सड़क तथा बाजारों में बेतरतीब पार्क की गई गाड़ियों पर अब पुलिस का शिकंजा कसने जा रहा है। ऐसे वाहनों के पुलिस न सिर्फ चालान काटेगी। बल्कि, जब्त भी करेगी। शहर और आसपास वाहनों के लिए स्पीड साइन बोर्ड, ब्लैक स्पॉट के रूप में दुर्घटना संभावित क्षेत्र चिन्हित कर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। ये फैसले सड़क सुरक्षा क्लब की ऊना में हुई बैठक में लिए गए।
बैठक में शहर में यातायात सुरक्षा पर लग रहे प्रश्न चिन्ह पर चिंता जताई गई। रेड लाइट चौक और रोटरी चौक, पुराना बस अड्डा, गलुआ मोड़ से पुराने अड्डे तक रेहड़ियां या अनाधिकृत गाड़ियां पार्क करने और पैदल चलने वाले लोगों के लिए रास्तों पर अनाधिकृत रूप से सामान लगाकर अवरोध करने वालों से भी सख्ती से निपटा जाएगा। सदर थाना के एसएचओ केएल बैरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा क्लब शहर की समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से जनवरी मेें सड़क सुरक्षा के लिए व्यापक संपर्क तथा जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसमें शिक्षण संस्थाओं से भी सहयोग प्राप्त किया जाएगा। क्लब ने शहर में उपलब्ध सरकारी व गैर सरकारी पार्किंग स्थलों पर प्रदर्शनी के लिए इजाजत न देने तथा वहां पर पार्किंग स्थल बोर्ड लगाने के लिए जिला प्रशासन से गुहार लगाई। जलग्रां एफसीआई गोदाम के सामने बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहने से उत्पन्न ट्रैफिक समस्या पर भी सवाल उठाए गए। बैरी ने यातायात स्टाफ व पुलिस कर्मियों को क्लब द्वारा सुझाए मामलों में मुस्तैदी से अमल का आह्वान किया।
इस अवसर पर सिटी चौकी पुलिस प्रभारी कमलदीप, एसआई त्रिलोक चंद पुलिस, ट्रैफिक स्टाफ, कंवर हरि सिंह, भूपिंद्र सिंह, कुलदीप, शाम लाल, अवतार सिंह, कुशल, सोमनाथ, सुरजीत, संसार चंद, सुरेंद्र मोहन, केवल वशिष्ट, गुरविंद्र सिंह, यशपाल, संजीव कुमार, सुशील कुमार, सुनील कुमार, मुनिंद्र राजू, तिलक राज, सतीश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
714 वाहन चालकों के कटे चालान
ऊना शहर तथा आसपास के इलाके में सड़क सुरक्षा नियमों के अतिक्रमण के खिलाफ दो महीनों में पुलिस ने 714 चालान किए। यातायात पुलिस ने कुल 1 लाख 76 हजार 710 रुपये का जुर्माना वसूला है। पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों से विभिन्न मामलों में जिनमें ट्रिपल राइडिंग के 77 केस, बिना हेलमेट के 303, गलत पार्किंग के 90, तेज व लापरवाही से गाड़ी चलाने के 17, ओवर स्पीड के 70, नाबालिगों के 7 तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के 159 केसों में चालान काटे। यह जानकारी ट्रैफिक पुलिस प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह ने दी।
