
केलांग। लोगों के कड़े विरोध के बाद 108 एंबुलेंस को फिलहाल उदयपुर में ही रोक दिया गया है। शुक्रवार सुबह जैसे ही चालक एंबुलेंस को कुल्लू ले जा रहा था तो लोगों ने उसका रास्ता रोक दिया। हालांकि, केलांग में सेवाएं दे रही एंबुलेंस को कुल्लू के लिए कुल्लू रवाना कर दिया है। उधर, इस मामले में जनता के आक्रोश को देखते हुए उपायुक्त लाहौल स्पीति वीर सिंह ठाकुर ने सचिव और निदेशक स्वास्थ्य विभाग को फैक्स भेज कर वास्तु स्थिति से अवगत करवाया है। फैक्स में डीसी ने लिखा है कि 108 एंबुलेंस को लाहौल से कुल्लू शिफ्ट करने की भनक लगते ही लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। लिहाजा, एंबुलेेंस को कुल्लू शिफ्ट न किया जाए। उधर, शुक्रवार को एसटी यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जयराम के नेतृत्व में स्थानीय लोग एंबुलेंस को रोकने के लिए सड़कों पर उतर आए। जयराम ने कहा कि केलांग से कुल्लू भेजी गई एंबुलेंस को भी वापस केलांग लाया जाए। उपायुक्त वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि इसको लेकर उन्होंने सचिव और निदेशक स्वास्थ्य विभाग को फैक्स भेज दिया है। उधर, एंबुलेंस को कुल्लू शिफ्ट किए जाने का लाहौल स्पीति भाजयुमो ने भी कड़ा विरोध किया है। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि एंबुलेंस को कुल्लू शिफ्ट करना जनजातीय लोगों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि वह इसका विरोध करते हैं।
