
पतलीकूहल/ कुल्लू। भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट के विस्तार के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय गंभीर हो गया है। इस सिलसिले में वीरवार को आईआईटी रुड़की और एयरपोर्ट अथॉरिटी से आई टेक्निकल टीम ने एयरपोर्ट का स्पॉट विजिट किया। इस तकनीकी टीम में पांच अधिकारी शामिल थे। टीम में तीन अधिकारी एयरपोर्ट अथॉरिटी और दो अधिकारी आईआईटी रुड़की से थे।
इस मौके पर डीसी कुल्लू राकेश कंवर और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अलावा वन और रेवेन्यू समेत कई महकमों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। डीसी राकेश कंवर का कहना है कि रुड़की से आई टेक्निकल कमेटी ने स्पॉट विजिट के दौरान सारे इलाके का सर्वे किया, लेकिन वर्तमान में एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास मौजूद जमीन पर रनवे के विस्तार की संभावना नहीं होने की बात कही। लिहाजा, इसके लिए उन्होंने एयरपोर्ट के साथ बह रही ब्यास नदी के प्रवाह को डायवर्ट कर रनवे की लंबाई-चौड़ाई को बढ़ाने की सलाह दी। डीसी ने बताया कि रनवे के विस्तार को शुरुआती प्रक्रिया आरंभ कर दी है। जल्द ही एयरपोर्ट से लगती जमीन की भराई शुरू कर दी जाएगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक वाईके शर्मा ने बताया कि आईआईअी रुड़की और एयरपोर्ट अथॉरिटी की तकनीकी टीम ने भुंतर एयर पोर्ट का निरीक्षण किया। विजिट के दौरान मौजूद मनाली होटिलयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर का कहना है कि एयरपोर्ट के विस्तार के बाद भुंतर में 70 सीटर जहाज से बड़ा जहाज भी उतारा जा सकेगा। इससे मनाली के पर्यटन को परवाज मिलेगी।
