
मुबारिकपुर (ऊना)। भरवाईं वन परिक्षेत्र के तहत वन बीट रामपुर कुटैहड़ा नकड़ोह में अवैध खैर कटान की जांच के लिए मंगलवार को विजिलेंस विभाग के सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। लेकिन, टीम को अवैध कटान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी भरवाईं पुरुषोत्तम सिंह, बीट गार्ड अविनाश कुमार, वन कार्पोरेशन एएस भरवाईं अमी चंद उपस्थित रहे। हालांकि, वन विभाग की रामपुर कुटैहड़ा वन बीट में वन कार्पोरेशन खैर कटान करवा रही है, लेकिन यहां किसी भी प्रकार के अवैध कटान का मामला सामने नहीं आया है।
एक माह पहले स्थानीय व्यक्ति ने वन परिक्षेत्र अधिकारी भरवाईं पुरुषोत्तम सिंह को अवैध खैर कटान की शिकायत की थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने उसी समय मौके से 26 मोछे खैर बरामदगी के साथ लगभग 37 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया था। उधर, विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो के सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि मिल्खी राम निवासी लोहारा की शिकायत पर रामपुर कुटैहड़ा वन बीट में अवैध कटान की जांच की गई है। उन्हें अवैध खैर कटान का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है। उधर, पर्यावरण प्रेमियों में मेहर चंद शर्मा और रमेश शर्मा ने विजिलेंस जांच पर सवालिया निशान लगाते हुए इसे मात्र लीपापोती करार दिया है। उन्होंने कहा कि वन माफिया के सामने हर जांच एजेंसी बौनी साबित हो रही है। उन्हाेंने जोह एवं नकड़ोह में अवैध कटान की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है।
