मुख्य डाकघर हमीरपुर में पेयजल संकट

हमीरपुर। तपती गर्मी के मौसम में मुख्य डाकघर हमीरपुर पहुंचने वाले ग्राहकों के लिए पेयजल का प्रबंध नहीं है। डाकघर में पेयजल की व्यवस्था न होने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर आने वाले ग्राहक पेयजल लेकर पहुंच रहे हैं। डाकघर में पानी की व्यवस्था न होने से ग्राहक पेयजल के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर है। डाकघर में काम करवाने पहुंचे ग्राहकों प्रदीप, रजनीश, रविंद्र, पूजा, सुप्रिया, अनीता, अनिल, रीना, नीरज, लवली, सोनी, विवेक, किरन ने बताया कि डाकघर में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। डाकघर में अधिकतर ग्राहक तपती गर्मी में बस अड्डा से पैदल चलकर भोटा चौक पहुंचते हैं लेकिन डाकघर पहुंचने पर पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। कई ग्राहक पानी के लिए दुकानों में घुस रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इतने बडे़ कार्यालय में पेयजल की व्यवस्था न होना आश्चर्य की बात है। खास तौर पर गर्मियों के मौसम में पानी की व्यवस्था होना अति आवश्यक है। उन्होंने डाकघर प्रबंधन के प्रति रोष जताया है। गर्मी के मौसम में कई लोग पानी की बोतल साथ लेकर चलते हैं लेकिन मुख्य डाकघर में पानी की व्यवस्था न होने से ग्राहक परेशान हैं।
उधर इस संदर्भ में अतिरिक्त डाकपाल हमीरपुर पूर्ण चंद का कहना है कि ग्राहकों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं है। ग्राहकों के लिए कूलर स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। शीघ्र ही पानी की व्यवस्था करवाने की कोशिश की जाएगी।

Related posts