
अर्की (सोलन)। योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष ठाकुर रामलाल ने कहा कि शिक्षा सर्वांगीण विकास का आधार है। आदर्श राज्य की जिम्मेवारी है कि शिक्षा का समुचित प्रबंध हो, जिससे सभी शिक्षा प्राप्त कर सके। वह अर्की उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमति के स्थापना दिवस तथा वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए स्वीकृत 11800 करोड़ की पंचवर्षीय योजना का आकार देश के अन्य राज्यों की जनसंख्या के अनुपात में सर्वाधिक है, जिसमें 63 प्रतिशत की वृद्धि करवाने में प्रदेश सरकार सफल हुई है। प्रदेश की वार्षिक योजना में 11 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। प्रदेश के 835 स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा दी जाएगी जिसमें एक सौ वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भी शामिल हैं। 618 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी अर्की के अध्यक्ष संजय अवस्थी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बच्चों को अपनी ओर से 21 हजार की राशि भी प्रदान की। खंड विकास समिति कुनिहार के अध्यक्ष ऋषि देव शर्मा, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान प्रेम लता शर्मा और स्कूल के प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे। इस अवसर पर स्कूल विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
इन विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
किरण, पंकज, ममता, पूजा, चेतना गर्ग, मोहित, अजय, मनोहर, सुशील, अक्षय, कल्पना, बबीता, मनोज कुमार, लक्षम, आरती, मीनाक्षी, शिल्पा, ज्योति, भावना, प्रियंका, मोनिषा, नवनीत, सुशील, सुषमा, ज्योति, मुकेश, सौरभ, करण शर्मा, कुश गौतम, सुनील, गरिमा, नवनीत, मंजुशा, नेहा, रीना, अमेहा तथा भावना शामिल हैं।
