पक्का भरो में पेयजल किल्लत

हमीरपुर। हमीरपुर के साथ लगते पक्का भरो कस्बे के पांच परिवारों के नल करीब डेढ़ माह से सूखे पड़े हुए हैं। एनएच विभाग द्वारा खोदी गई सड़क के कारण पाइपें टूटी हैं। हालांकि संबंधित विभाग को समस्या के प्रति अवगत करवाया है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों में जगवीर चंदेल, जोगेंद्र रणौत, कुलदीप कुमार, मदन लाल ठाकुर, अमर सिंह धीमान आदि का कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले एनएच विभाग ने राजमार्ग को चौड़ा करने को खुदाई की थी। इससे क्षेत्र के करीब दो दर्जन परिवारों की पेयजल पाइपें टूट गई थी लेकिन विभाग ने पांच परिवारों को छोड़ शेष कनेक्शनों को सुचारु कर दिया है। उनके कनेक्शनों को भी सुचारु करने को विभाग से कई बार मांग की जा चुकी है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गोपालनगर के पांच परिवारों को गर्मियों के मौसम में पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि एनएच विभाग ने बिना किसी सूचना के राजमार्ग को उखाड़ा है। उनकी पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की कि टूटी हुई पाइपों को जल्द जोड़ा जाए जिससे गर्मियों के मौसम में लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े।
उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ हमीरपुर डिवीजन अमीं चंद का कहना है कि समस्या उनके ध्यान में आ गई है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts